कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने किया कोलारस और बदरवास के ग्रामों का भ्रमण
कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने किया कोलारस और बदरवास के ग्रामों का भ्रमण
शिवपुरी ब्यूरो- कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह ने बुधवार को कोलारस और बदरवास विकासखंडों का भ्रमण किया। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के तहत आयोजित शिविर, पूरण खेड़ी टोल टैक्स, गौशाला और स्व सहायता समूह की गतिविधियां की जानकारी ली और जरूरी दिशा निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एचपी वर्मा भी उनके साथ थे।
कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने ग्राम सेसई में आयोजित आयुष्मान भारत शिविर का निरीक्षण किया। आयुष्मान भारत योजना के तहत अभी जिले में अभियान चलाकर हितग्राहियों के आयुष्मान भारत कार्ड बनाए जा रहे हैं। उन्होंने हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड का वितरण किया।
फास्टैग के लिए शिविर लगाने के निर्देश
कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल ने पूरनखेड़ी टोल टैक्स का भी निरीक्षण किया और वहाँ पर वृक्षारोपण किया। उन्होंने फास्टैग के लिए शिविर का आयोजन करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने निर्देश देते हुए कहा कि शिविर का आयोजन कर फास्टैग बनाने का काम बनाए जाएं जिससे टोल टैक्स से गुजरने वाले वाहनों की लंबी लाइन ना लगे और जाम की स्थिति ना बने।
गौशाला में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश भ्रमण के दौरान कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने लुकवासा में गौशाला का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाएं देखी। इस समय गौशाला में लगभग 100 गायों को संरक्षण दिया जा रहा है। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि गौशाला में गायों के लिए चारे पानी की पर्याप्त व्यवस्था रहे और स्व सहायता समूह द्वारा गौशाला का संचालन किया जाना है। यहां गौ रक्षा समिति बोर्ड का गठन किया जाए जो सभी सुविधाओं एवं आवश्यकताओं पर निगरानी रखेगी। उन्होंने गायों की देखरेख के लिए चिकित्सक की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए हैं।
ग्राम निवोदा में कृषक की टमाटर की खेती का किया निरीक्षण
कलेक्टर श्री सिंह ने ग्राम निवोदा में कृषक गिरवर रावत द्वारा उद्यानिकी विभाग की योजना अंतर्गत ली जा रही टमाटर की खेती का निरीक्षण किया। इस दौरान कृषक श्री गिरवर द्वारा खेती से अभीतक होने वाले लाभ के बारे में सभी को अवगत कराया।
स्व सहायता समूह की गतिविधियों की जानकारी ली
कलेक्टर ने ग्राम मोहराई में स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा अजवाइन, टमाटर, धनिया की खेती, शहद उत्पाद के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने इस दौरान समूह की सदस्य श्रीमती धनको बाई को शून्य प्रतिशत ब्याज पर मैजिक गाड़ी दिए जाने की जानकारी ली और समूह के सदस्यों को इसी तरह किए जा रहे कार्योंं को बड़े स्तर पर पहुंचाने हेतु मार्गदर्शन किया।
ग्राम बारई में समूह द्वारा फूलों की खेती की जा रही है। और जैकेट निर्माण का काम भी महिलाएं बखूबी कर रही हैं। उन्होंने समूह की महिलाओं से चर्चा करते हुए कहा कि इस काम को और बढ़ाया जाए। इसके लिए यदि प्रशिक्षण की आवश्यकता है तो उसका भी आयोजन करें। इससे महिलाओं में कौशल विकास होगा और उनकी आय और बढ़ेगी। आजीविका मिशन के परियोजना अधिकारी श्री अरविंद भार्गव ने जानकारी देते हुए बताया कि इस समय गांव में 24 समूह में लगभग 288 महिलाएं जुड़ी है। जो कई गतिविधियों में बेहतर काम कर रही हैं।

कोई टिप्पणी नहीं