Breaking News

समय का सदुपयोग करो और आसमान छूने की बात करो- कैबिनेट मंत्री श्रीमंत यशोधरा राजे सिंधिया

समय का सदुपयोग करो और आसमान छूने की बात करो- कैबिनेट मंत्री श्रीमंत यशोधरा राजे सिंधिया

शिवपुरी में पुलिस भर्ती का प्रशिक्षण ले रहीं छात्राओं से की चर्चा





शिवपुरी ब्यूरो-
आज बेटियाँ हर क्षेत्र में आगे हैं। अपनी मेहनत व लगन से बेटियाँ नाम कमा रही हैं। आप भी समय का सदुपयोग करो और आसमान छूने की बात करो। मेरी तरफ से हर सम्भव मदद की जाएगी। यह बात खेल एवं युवा कल्याण, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री श्रीमंत यशोधरा राजे सिंधिया ने पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं से कही। यहां महिला एवं बाल विकास विभाग और पुलिस विभाग के समन्वय से जिले की बेटियों के लिए निशुल्क कोचिंग और पुलिस भर्ती के लिए शारीरिक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

सम्मान अभियान के तहत जिले में यह पहल की गई है। इसमें जरूरतमंद बेटियों को चिन्हित कर लगभग 51 छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षा के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस परेड ग्राउंड में कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें मंत्री श्रीमंत यशोधरा राजे सिंधिया ने इन छात्राओं से चर्चा की और इसी प्रकार लगन से तैयारी करने के लिए प्रोत्साहित किया। छात्राओं ने भी मंत्री श्रीमंत यशोधरा राजे सिंधिया से अपने अनुभव साझा किए।

 छात्रा सोनिया कुलश्रेष्ठ कराटे की खिलाड़ी हैं। वह तीन भाई बहन हैं। माताजी का स्वास्थ्य खराब होने के कारण सोनिया ने कराटे छोड़ दिया। अब यहाँ पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही हैं। छात्रा मनीषा श्रीवास्तव के माता पिता नहीं है। उनकी माँ का सपना था कि वह पुलिस में जाएं। अपनी पढ़ाई के खर्चे के लिए वह स्कूल में पढ़ाती हैं। जब निःशुल्क कोचिंग के बारे में पता चला, तब यहां जॉइन किया। इसी प्रकार अन्य छात्राओं ने भी अपने अनुभव साझा किए।

 मंत्री श्रीमंत यशोधरा राजे सिंधिया ने छात्राओं से चर्चा करते हुए कहा कि इन बच्चियों के पास इच्छा शक्ति है। उन्हें इसी प्रकार मार्गदर्शन दिया जाए और आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाए ताकि यह आत्मनिर्भर बन सकें। साथ ही यहां कैंप आयोजित कर इनके परिजनों को बुलाया जाए और आयुष्मान भारत कार्ड बनवाए जाएं। 

कार्यक्रम में कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश सिंह चंदेल, डीएफओ श्री लवित भारती, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एचपी वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रवीण कुमार भूरिया, एसडीएम अरविंद बाजपेई, एसडीओपी सुधीर सिंह कुशवाह, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री देवेंद्र सुंद्रियाल सहित पुलिस व प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं