Breaking News

बक्सपुर विद्यालय में उत्साह से मनी छत्रपति शिवाजी जयंती

बक्सपुर विद्यालय में उत्साह से मनी छत्रपति शिवाजी जयंती

छत्रपति शिवाजी महाराज राष्ट्र गौरव और हमारे आदर्श हैं: गोविन्द अवस्थी




शिवपुरी ब्यूरो- महान योद्धा और आदर्श शासक छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर बदरवास ब्लॉक के शासकीय माध्यमिक विद्यालय बक्सपुर में कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें शिवाजी महाराज को नमन करते हुए उनके त्याग वलिदान को याद कर उनका चरित्र चित्रण किया गया। 

कार्यक्रम के प्रारम्भ में बक्सपुर विद्यालय के शिक्षक गोविन्द अवस्थी, जितेंद्र शर्मा ने छत्रपति शिवाजी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया तत्पश्चात उपस्थित विद्यार्थियों ने शिवाजी महाराज को पुष्प अर्पण किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन चरित्र से अवगत कराते हुए शिक्षक गोविन्द अवस्थी ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज को भारत के सबसे वीर और श्रेष्ठ शासकों में से एक माना जाता है। वह मराठा साम्राज्य के संस्थापक थे। छत्रपति शिवाजी महाराज बचपन से ही बड़े कुशाग्र वीर योद्धा थे।

हम सभी को वीर शिवाजी के समृद्ध विचारों से प्रेरणा लेकर समाज में उनके समान व्यक्तित्व निर्माण की कोशिश करनी चाहिए ताकि देश एक मजबूत और समृद्ध राष्ट्र के रूप में एक अलग पहचान बना सके।

अवस्थी ने कहा कि भारत की भूमि पर जन्मे वीरों का शौर्य राष्ट्रवासियों के गौरव की मिसाल हैं। तत्समय पूरे राष्ट्र को एक सार्वभौमिक स्वतंत्र रूप में स्थापित करने का एक प्रयत्न स्वतंत्रता के अनन्य पुजारी वीर शिवाजी महाराज ने किया था। इसीलिए उन्हें एक अग्रगण्य वीर एवं अमर स्वतंत्र सेनानी स्वीकार किया जाता है ।

शिवाजी के चारित्रिक निर्माण में उनकी माता जीजाबाई का विशेष योगदान था तथा उनकी शिक्षादीक्षा माता जीजाबाई के संरक्षण में हुई थी।शिवाजी महाराज गुरिल्ला युद्ध के जनक थे जिसके कारण उनकी पहचान आक्रामक योद्धा के रूप में हुई।अपने जीवनकाल में शिवाजी ने मुगलों से कई युद्ध किए और  विजय पाई उन्होंने  अपने राज्य की सीमाओं का दूर दूर तक विस्तार किया।संत रामदास शिवाजी के आध्यात्मिक गुरु थे, उन्होने ही शिवाजी को देश-प्रेम और देशोध्दार के लिये प्रेरित किया था।लगातार अपने साहस, शौर्य और रण-कुशलता द्वारा शिवाजी ने अपने पिता के राज्य को एक स्वतंत्र तथा शक्तिशाली विशाल साम्राज्य के रूप में स्थापित कर लिया था।

कोई टिप्पणी नहीं