समरस गांव सकलपुर में आयोजित हुआ कार्यक्रम
समरस गांव सकलपुर में आयोजित हुआ कार्यक्रम
सभी आपसी सद्भाव और समरसता के साथ रहें और आदर्श गांव का उदाहरण बनें - राज्यमंत्री दर्जा प्रहलाद भारती
शिवपुरी, 05 अप्रैल 2022/ लोगों के बीच में झगड़े और विवाद की स्थिति ना बने। यदि विवाद होते हैं तो समझौते के आधार पर उनका निराकरण हो जाए। यह सबसे अच्छा विकल्प होता है। सभी आपसी सद्भाव और समरसता के साथ रहे और आदर्श गांव का उदाहरण बने। यह बात सकलपुर में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पाठ्य पुस्तक निगम के उपाध्यक्ष श्री प्रहलाद भारती ने कही। संभाग आयुक्त के प्रयासों से बीट समझौता समाधान व्यवस्था पूरे ग्वालियर चंबल संभाग में शुरू की गई है। इस व्यवस्था के तहत ग्रामीणों के विवादों का निराकरण आपसी समझौते के आधार पर किया जा रहा है। इस व्यवस्था के तहत विवाद रहित गांव को समरस ग्राम बनाने की दिशा में पहल की जा रही है।
शिवपुरी विकासखंड के सतनवाड़ा क्षेत्र के गांव सकलपुर को समरस गांव के रूप में चिन्हित किया गया। यहां कार्यक्रम का आयोजन हुआ जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में श्री प्रहलाद भारती शामिल हुए।
संभाग आयुक्त श्री आशीष सक्सेना संभागीय अधिकारियों के साथ कार्यक्रम में आये। कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश सिंह चंदेल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री उमराव मरावी, एसडीएम श्री गणेश जायसवाल सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी कार्यक्रम में शामिल हुए। संभागायुक्त ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों से चर्चा की और गांव के वरिष्ठजनों को माला पहनाकर उनका स्वागत किया और कहा कि ग्वालियर चंबल संभाग का अपना इतिहास रहा है। यहां लोग हर परिस्थिति में झूझना जानते हैं लेकिन हार नहीं मानते। लोगों के बीच में आपसी विवाद भी होते हैं इसका एक ही समाधान है राजीनामा। यदि आपसी समझौते से विवाद समाप्त हो जाएं तो इससे अच्छी स्थिति और कुछ भी नहीं हो सकती इसलिए यह व्यवस्था शुरू की गई है।
उन्होंने बताया कि स्थानीय अमले को विवादों की सूची उपलब्ध कराई जाती है औऱ समाधान केंद्र पर ग्रामीण अपनी समस्या का निराकरण कराने आते हैं। साथ ही उन्होंने सभी अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि गांववासी समरस गांव की दिशा में कदम बढ़ाने के प्रयास करेंगे। उसके साथ ही विभिन्न विभागों की हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ इस गांव के सभी पात्र हितग्राहियों को मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि 15 अप्रैल तक चिन्हित करके सभी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान करें।
नशा मुक्ति की ली शपथ
इस कार्यक्रम के दौरान ही ग्रामीणों ने अपने गांव सकलपुर को नशा मुक्त ग्राम बनाने की शपथ ली।

कोई टिप्पणी नहीं