Breaking News

पोहरी में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों के संबंध में बैठक आयोजित

पोहरी में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों के संबंध में बैठक आयोजित

मंत्री सुरेश धाकड़ सहित अधिकारियों ने किया स्थल निरीक्षण



शिवपुरी, 02 अप्रैल 2021/ मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का 5 अप्रैल को शिवपुरी जिले के अनुभाग पोहरी का भ्रमण कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग राज्यमंत्री सुरेश धाकड़ (राठखेड़ा) की अध्यक्षता में रेस्ट हाउस पोहरी में बैठक आयोजित की गई। उन्होंने कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एच.पी.वर्मा, एसडीएम पोहरी  जे.पी.गुप्ता, तहसीलदार सतेन्द्र सिंह गुर्जर सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।

लोक निर्माण विभाग राज्यमंत्री श्री सुरेश धाकड़ ने कार्यक्रम की रूपरेखा से जिला प्रशासन को अवगत कराया। उन्होंने पोहरी में होने वाले भूमिपूजन एवं लोकापर्ण संबंधी व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की व आवश्यक दिशा निर्देश दिए। 

  कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह ने प्रस्तावित कार्यक्रम की विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को दायित्व भी सौंपे। उन्होंने कहा कि संपूर्ण कार्यक्रम के दौरान कोविड-19 के दिशा-निर्देशों का विशेष रूप से ध्यान रखा जाए। सभा के लिए बैठक व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, माइक, टेंट शामियाना तथा बैरिकेटिंग सहित अन्य व्यवस्थाओं को व्यवस्थित कर लिया जाए। वहीं फायर फाइटर, एम्बुलेंस, सुरक्षा व ट्राफिक व्यवस्था में अधिकारियों की ड्यूटी लगाने के लिए भी निर्देशित किया। उन्होंने कन्या पूजन, मंच पर द्वीप प्रज्ज्वलन एवं कार्यक्रम उपरांत मुख्यमंत्री का हितग्राही से मिलने की व्यवस्था करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सेक्टर में मेडिकल टीम की व्यवस्था की जाए। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे के दौरान कराए जाने वाले भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रमों पर भी चर्चा की गई।                                                                                                                  लगभग 12 करोड़ रूपए के कार्यों का होगा भूमिपूजन एवं लोकार्पण

कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्र पोहरी में 12 करोड़ 8 लाख रूपए की राशि के कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण कराए जाना प्रस्तावित है। इनमें से लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी द्वारा जल जीवन मिशन अंतर्गत ग्राम खरवाया में 1.02 करोड़ के एवं ग्राम वीलवरामाता में 1.17 करोड़ के  रेट्रोफिटिंग कार्य का भूमिपूजन एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास द्वारा ग्राम परिच्छाअहीर में 1.49 करोड़ रूपए की आदर्श गौशाला निर्माण का भूमिपूजन होगा। इसी प्रकार लोकार्पण कार्यों में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा 3.61 करोड़ की राशि से निर्मित एबी रोड से करसेना मार्ग पर डिग्री नदी पर पुल निर्माण, जल संसाधन विभाग द्वारा 1.79 करोड़ की लागत से निर्मित ऐंचवाड़ा स्टाॅप डेम, स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा एक-एक करोड़ रूपए की लागत से निर्मित शासकीय हाईस्कूल, भवन अर्गरा, सांपरारा एवं खोरघार शामिल है।  

मंत्री श्री धाकड़ ने किया कार्यक्रम स्थल एवं हैलीपेड स्थल का निरीक्षण

लोक निर्माण विभाग राज्यमंत्री श्री सुरेश धाकड़ ने अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थलों तथा हैलीपेड स्थलों का मुआयना भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान पोहरी भ्रमण के दौरान विभिन्न कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे तथा आमसभा को संबोधित भी करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए जो भी तैयारियों की जा रही है, उन्हें निर्धारित समय से पहले पूर्ण कर ली जाएं।    

कोई टिप्पणी नहीं